
बेमेतरा:जिला पंचायत अध्यक्ष कल्पना योगेश तिवारी ने किसानों की समस्याओं को गंभीरता से उठाते हुए जिला प्रशासन से खेती-किसानी कार्यों के लिए पर्याप्त मात्रा में डीजल उपलब्ध कराने की मांग की है। उन्होंने जिला कलेक्टर को पत्र लिखकर खाद्य विभाग एवं जिले के सभी पेट्रोल पंप संचालकों को आवश्यक निर्देश जारी करने का आग्रह किया है, ताकि किसानों को समय पर डीजल उपलब्ध हो सके और कृषि कार्य प्रभावित न हों। उन्होंने कहा कि बेमेतरा जिला कृषि प्रधान क्षेत्र है, जहां अधिकांश किसान खेती पर निर्भर हैं। वर्तमान समय में खाड़ी देशों में चल रहे युद्ध के कारण पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति प्रभावित होने की स्थिति बन रही है। साथ ही देश के प्रधानमंत्री द्वारा भी देशवासियों से अपील की गई है कि इस संकट की घड़ी में आवश्यकता अनुसार ही पेट्रोल-डीजल का उपयोग करें। ऐसे समय में किसानों के समक्ष खेती कार्य को लेकर चिंता की स्थिति निर्मित हो गई है, क्योंकि खरीफ सीजन की तैयारियां प्रारंभ हो चुकी हैं।
कल्पना योगेश तिवारी ने कहा कि जून माह से मानसून प्रारंभ होने की संभावना है और किसान खरीफ फसल की तैयारी में जुट चुके हैं। खेतों की जुताई, बुवाई एवं अन्य कृषि कार्यों के लिए ट्रैक्टर एवं कृषि उपकरणों में बड़ी मात्रा में डीजल की आवश्यकता होती है। लेकिन जिले के कई पेट्रोल पंपों में किसानों को पर्याप्त मात्रा में डीजल नहीं मिल पा रहा है, जिससे वे काफी परेशान हैं और उनके कृषि कार्य प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि जिले के कई ग्रामीण क्षेत्र पेट्रोल पंपों से 15 से 20 किलोमीटर दूर स्थित हैं। ऐसे में किसान डिब्बों में डीजल लेने पेट्रोल पंप पहुंचते हैं, लेकिन कई स्थानों पर पेट्रोल पंप संचालकों द्वारा डिब्बों में डीजल देने से मना कर दिया जाता है और ट्रैक्टर लेकर आने के लिए कहा जाता है। इससे किसानों को अतिरिक्त आर्थिक बोझ एवं अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जिला पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि किसानों के लिए समय बेहद महत्वपूर्ण होता है। यदि समय पर जुताई और बुवाई नहीं हो पाती, तो पूरी फसल प्रभावित होने की आशंका रहती है। ऐसे में प्रशासन को किसानों की व्यावहारिक समस्याओं को समझते हुए तत्काल समाधान की दिशा में पहल करनी चाहिए।
उन्होंने जिला प्रशासन से मांग करते हुए कहा कि जिले के सभी पेट्रोल पंपों में किसानों के लिए आवश्यक मात्रा में डीजल की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए तथा ग्रामीण क्षेत्रों के किसानों को डिब्बों में भी डीजल दिए जाने की व्यवस्था बनाई जाए, ताकि उन्हें अनावश्यक रूप से ट्रैक्टर लेकर लंबी दूरी तय न करनी पड़े।
कल्पना योगेश तिवारी ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों के हित में लगातार कार्य कर रही है और किसानों की सुविधा एवं समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जिला प्रशासन किसानों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र आवश्यक कदम उठाएगा, जिससे किसान समय पर खेती-बाड़ी का कार्य कर सकें और आगामी खरीफ सीजन में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।








