
रायपुर:सुशासन तिहार 2026 अंतर्गत आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर ग्रामीणों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रहे हैं। राजनांदगांव जिला के छुरिया विकासखंड के दूरस्थ ग्राम साल्हे में आयोजित शिविर का दिन ग्राम लालुटोला निवासी रूपचंद गोड़ एवं ग्राम ऊचांईपुर निवासी देवलाल ठेठवार के लिए खुशियों से भरा रहा। स्वामित्व योजना अंतर्गत अधिकार अभिलेख प्राप्त होने से दोनों हितग्राहियों को अपनी जमीन का वैधानिक मालिकाना हक प्राप्त हुआ, जिससे उनके चेहरे पर प्रसन्नता साफ झलकने लगी।
सामाजिक न्याय एवं ग्रामीण सशक्तिकरण की दिशा में शासन की स्वामित्व योजना नए आयाम स्थापित कर रही है। योजना के अंतर्गत ड्रोन सर्वेक्षण तकनीक का उपयोग करते हुए ग्रामीण आबादी क्षेत्र का सर्वे एवं मैपिंग कर भू-स्वामियों को अधिकार अभिलेख प्रदान किए जा रहे हैं। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में सामाजिक एवं आर्थिक सुरक्षा की भावना मजबूत हो रही है।
रूपचंद गोड़ ने बताया कि उन्हें जीवन में पहली बार अपनी जमीन का अधिकार अभिलेख प्राप्त हुआ है, जिससे उनके परिवार में अत्यंत खुशी का वातावरण है। उन्होंने कहा कि अब यह दस्तावेज उनके लिए प्रमाण के रूप में कार्य करेगा और बैंक से आसानी से ऋण प्राप्त करने में सहायता मिलेगी। पहले जमीन संबंधी कार्यों एवं ऋण प्राप्त करने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था, लेकिन अब उनकी समस्या का समाधान हो गया है।







