रायपुर :स्कूल शिक्षा विभाग, छत्तीसगढ़ शासन के तत्वावधान में राजधानी रायपुर के बूढ़ापारा स्थित स्क्वैश काम्प्लेक्स में 25वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का शुभारंभ गरिमामयी वातावरण में हुआ, जिसमें प्रदेशभर से आई टीमों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस प्रतियोगिता में रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर और सरगुजा की टीमों के कुल 120 बालक एवं बालिकाओं ने हिस्सा लिया। खिलाड़ियों के साथ 16 अधिकारी भी उपस्थित रहे, जिन्होंने प्रतियोगिता संचालन में अपना विशेष सहयोग दिया। पूरे आयोजन के दौरान खिलाड़ियों ने अनुशासन, परिश्रम और खेल भावना का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
परिणाम विवरण :
प्रतियोगिता में विभिन्न वर्गों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए निम्न परिणाम प्राप्त किए—
अंडर-14 बालक वर्ग : प्रथम – रायपुर, द्वितीय – दुर्ग, तृतीय – सरगुजा
अंडर-17 बालक वर्ग : प्रथम – रायपुर, द्वितीय – दुर्ग, तृतीय – सरगुजा
अंडर-19 बालक वर्ग : प्रथम – रायपुर, द्वितीय – दुर्ग, तृतीय – सरगुजा
अंडर-14 बालिका वर्ग : प्रथम – रायपुर, द्वितीय – सरगुजा, तृतीय – बिलासपुर
अंडर-17 बालिका वर्ग : प्रथम – रायपुर, द्वितीय – दुर्ग, तृतीय – बिलासपुर
अंडर-19 बालिका वर्ग : प्रथम – रायपुर, द्वितीय – सरगुजा, तृतीय – बिलासपुर
प्रतियोगिता में सभी आयु वर्ग (14, 17, 19 वर्ष) बालक एवं बालिका वर्ग में रायपुर ज़ोन प्रथम स्थान पर रहा।
खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन
प्रतियोगिता में शामिल सभी खिलाड़ियों ने अपनी-अपनी खेल प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राजधानी रायपुर में आयोजित इस महत्त्वपूर्ण आयोजन को यादगार बना दिया। खिलाड़ियों ने टीम भावना, अनुशासन और सहयोग का परिचय देते हुए यह संदेश दिया कि खेल केवल जीत-हार नहीं, बल्कि व्यक्तित्व विकास और सामाजिक एकता का माध्यम भी है।
चयनित खिलाड़ी लेंगे राष्ट्रीय स्तर पर भाग
इस प्रतियोगिता में चयनित खिलाड़ी आगामी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगे। आयोजन समिति द्वारा सभी विजेताओं एवं उपविजेताओं को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी हिमांशु भारती एवं जिला क्रीड़ा अधिकारी छाया प्रकाश राव सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। कार्यक्रम में डीपीआई से लाल बहादुर सोनकर, वरुण पांडे, संजय शुक्ला, संदीप गोयलकर, प्रकाश कश्यप, गजेंद्र कुमार साहू, केशव जलक्षत्री, संदीप शर्मा, राकेश प्रधान, श्रीमती बुद्धेश्वरी एवं श्रीमती मनप्रीत कौर आदि ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
छत्तीसगढ़ स्क्वैश एसोसिएशन के संरक्षक एवं फाउंडर डॉ. विष्णु कुमार श्रीवास्तव एवं उपाध्यक्ष डॉ. मनोज कुमार अग्रवाल ने भी सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ प्रेषित कीं। उन्होंने चयनित खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए अग्रिम शुभकामनाएँ दीं तथा विशेष रूप से छत्तीसगढ़ के दूरस्थ वनांचल से आए खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि उनका यह प्रयास एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन, राज्य और राष्ट्रीय स्तर में स्क्वाश खेल प्रतिभाओं को नई दिशा देगा।साथ ही स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा स्क्वाश प्रतियोगिता आयोजन के लिए, उपस्थिति समस्त शिक्षकों एवं विद्यार्थियों को भी सफल आयोजन की बधाई दी ।सभी अतिथियों ने खिलाड़ियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि राज्य के खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाएँगे और छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करेंगे।







