
धमतरी:खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा हर साल खिलाडियों, प्रशिक्षकों, निर्णायकों को राज्य खेल अलंकरण से सम्मानित किया जाता है। राज्य के लिए उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाडियों, प्रशिक्षकों, निर्णायकों को यह पुरस्कार दिए जाते हैं। खेल अधिकारी ने बताया कि इन पुरस्कारों के इच्छुक आवेदक आगामी 26 जून तक आवेदन कर सकते हैं। छत्तीसगढ़ राजपत्र में प्रकाशित किये गये नियमों के तहत पात्रता रखने वाले आवेदकों को पुरस्कार के लिए प्रावीण्यता के आधार पर चयन किया जाएगा। साथ ही राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक प्राप्त विजेताओं को प्रोत्साहन नियम के तहत नगद राशि पुरस्कार अलंकरण प्रदान किया जाता है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2023-24 में (01 अप्रैल 2023 से 31 मार्च 2024 तक) एवं वर्ष 2024-25 में (01 अप्रैल 2024 से 31 मार्च 2025 तक) जिन खिलाडियों ने सब जूनियर, जूनियर एवं सीनियर वर्ग की राष्ट्रीय प्रतियोगिता में पदक प्राप्त किया है, वे खिलाड़ी जिला कार्यालय एवं अपने खेल संघों से आवेदन फार्म प्राप्त कर निर्धारित अंतिम तिथि तक जमा कर सकते हैं। आवेदन संचालनालय, खेल एवं युवा कल्याण रायपुर अथवा खेल एवं युवा कल्याण विभाग धमतरी में कार्यालयीन समय में निर्धारित दस्तावेज सहित जमा किया जा सकता है।
इसी तरह खेलवृत्ति (डाईट मनी) के लिये जिन खिलाड़ियों ने अधिकृत राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में पदक प्राप्त किया हो या राष्ट्रीय प्रतियोगिता में प्रतिनिधित्व किया हो, खेलवृत्ति हेतु आवेदन कर सकेंगें। खेलवृत्ति की अधिकतम आयु सीमा 19 वर्ष से अधिक नहीं होना चाहिए। खेल संघो से प्रोत्साहन के लिए उनके द्वारा वर्ष 2023-24 में (01 अप्रैल 2023 से 31 मार्च 2024 तक) एवं वर्ष 2024-25 में (01 अप्रैल 2024 से 31 मार्च 2025 तक) अर्जित की गई उपलब्धि के लिए प्रेरणा निधि के आवेदन निर्धारित तिथि तक जिला कार्यालय में जमा कर सकेंगे।








