
जगदलपुर:बस्तर संभाग की 485 बसाहटों को सड़क संपर्क से जोड़ने के कार्य स्वीकृत हो चुके हैं। वहीं 280 अन्य बसाहटों को बारहमासी सड़कों से जोड़ने के लिए ₹804.06 करोड़ की लागत के 263 सड़क कार्यों के प्रस्ताव केंद्र सरकार को प्राप्त हुए हैं। इनसे 841.82 किमी सड़क का निर्माण प्रस्तावित है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व और उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा के प्रयासों एवं केंद्र सरकार के साथ समन्वय से बस्तर में सड़क और पुल संपर्क के विस्तार को गति मिल रही है। इसके अलावा 474 अन्य बसाहटों के लिए डीपीआर तैयार की जा रही है। 373 पुलों के प्रस्तावों पर भी विचार किया गया है।
सड़कों और पुलों के विस्तार से ग्रामीणों की स्कूल, अस्पताल, बाजार और सरकारी सेवाओं तक पहुंच आसान होगी। किसानों को उपज के परिवहन और स्थानीय युवाओं को आजीविका के नए अवसर मिलेंगे। सुशासन सरकार का संकल्प है कि बस्तर का कोई भी गांव विकास की मुख्यधारा से अछूता न रहे।








