
रायपुर:छत्तीसगढ़ की ग्रामीण महिलाएं मेहनत और उद्यमशीलता से आत्मनिर्भरता की नई मिसाल पेश कर रही हैं। भारत पर्व 2026 में कोरिया जिले की महिला उद्यमी एवं मिलेट्स कैफे संचालिका हीना ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात कर अपनी सफलता की कहानी साझा की।
उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन ‘बिहान’ से जुड़कर शुरू हुआ कोरिया मिलेट्स कैफे आज 37 महिलाओं की आजीविका का माध्यम बन चुका है। यहां महिलाएं विभिन्न गतिविधियों से नियमित आय अर्जित कर रही हैं और सामूहिक उद्यम के जरिए अपनी पहचान बना रही हैं।
कैफे में श्री अन्न से तैयार पौष्टिक एवं पारंपरिक छत्तीसगढ़ी व्यंजन परोसे जाते हैं। भारत पर्व में लगे स्टॉल के माध्यम से देशभर के आगंतुक छत्तीसगढ़ के पारंपरिक स्वाद और ग्रामीण महिलाओं के हुनर से परिचित हो रहे हैं।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में सुशासन सरकार बिहान के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं को संगठित कर उन्हें आत्मनिर्भर उद्यमी बनाने की दिशा में निरंतर प्रयासरत है।








