रायपुर:छत्तीसगढ़ में खनिज संपदा के अवैध उत्खनन एवं परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण के लिए की जा रही कार्रवाई के तहत बेमेतरा जिले में खनिज विभाग ने रेत का अवैध परिवहन करते पाए जाने पर 6 हाइवा वाहनों को जब्त किया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा खनिज संसाधनों के नियमानुसार उपयोग, राजस्व हितों के संरक्षण तथा अवैध खनन गतिविधियों पर नियंत्रण को प्राथमिकता दी जा रही है। इसी क्रम में जिला प्रशासन द्वारा खनिजों के अवैध उत्खनन, भंडारण एवं परिवहन की रोकथाम के लिए निगरानी और प्रवर्तन संबंधी कार्रवाई की जा रही है।
बेमेतरा कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं के निर्देशानुसार खनिज विभाग की टीम ने 14 एवं 15 अक्टूबर 2026 को ग्राम कठिया-राका और आसपास के क्षेत्रों में जांच अभियान चलाया। इस दौरान रेत का अवैध परिवहन करते पाए जाने पर 6 हाइवा वाहनों को जब्त किया गया। जब्त वाहनों को सुरक्षार्थ संबंधित थाने की अभिरक्षा में रखा गया है। खनिज विभाग द्वारा संबंधित वाहनों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर नियमानुसार कार्रवाई प्रारंभ की गई है।









