
Oplus_131072
रायपुर। रक्षाबंधन केवल राखी बांधने का पर्व नहीं, बल्कि भाई-बहन के बीच प्रेम, विश्वास, स्नेह और जीवनभर साथ निभाने वाले पवित्र रिश्ते का प्रतीक है। इसी भावना को और मजबूत करने के उद्देश्य से बेमेतरा विधानसभा के भाजपा किसान नेता योगेश तिवारी द्वारा अपने गृह ग्राम नेवनारा स्थित चंडी मंदिर प्रांगण में कल 30 अगस्त को दोपहर 2 बजे से शाम 6 बजे तक रक्षाबंधन मिलन समारोह का आयोजन किया गया है।
इस अवसर पर बेमेतरा विधानसभा क्षेत्र की बड़ी संख्या में बहनें पहुंचकर योगेश तिवारी को रक्षासूत्र बांधेंगी और भाई-बहन के इस पवित्र रिश्ते को और मजबूत करेंगी। योगेश तिवारी का कहना है कि पिछले 13 वर्षों से बेमेतरा की हजारों बहनों ने उन्हें राखी बांधकर जो स्नेह और आशीर्वाद दिया है, वह उनके जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है। समय के साथ यह रिश्ता केवल एक कार्यक्रम तक सीमित नहीं रहा, बल्कि एक ऐसे पारिवारिक रिश्ते में बदल गया है, जिसमें प्रेम, विश्वास और अपनापन सबसे महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि बेमेतरा की मेरी बहनें मेरे लिए केवल राजनीतिक क्षेत्र की बहनें नहीं हैं। उनसे मेरा रिश्ता राजनीति से कहीं ऊपर है। यह भाई और बहन का पवित्र रिश्ता है, जिसे हजारों बहनों ने अपनी राखी के धागे से मुझे बांधा है। यह स्नेह और विश्वास मेरे लिए अत्यंत अनमोल है। योगेश तिवारी ने कहा कि
रक्षाबंधन का यह आयोजन किसी राजनीतिक उद्देश्य से नहीं, बल्कि भाई-बहन के अटूट स्नेह, प्रेम और आत्मीयता को समर्पित है। उन्होंने बेमेतरा विधानसभा क्षेत्र की सभी बहनों से आग्रह किया कि वे अपने भाई के घर की तरह नेवनारा के चंडी मंदिर प्रांगण में आएं और इस पारिवारिक रक्षाबंधन समारोह में शामिल होकर अपना आशीर्वाद प्रदान करें। उन्होंने कहा कि राखी का यह धागा केवल कलाई पर नहीं बंधता, बल्कि दिलों को जोड़ता है। पिछले 13 वर्षों में बेमेतरा की बहनों ने उन्हें जो प्यार दिया है, उसने उन्हें एक विशाल परिवार का हिस्सा बना दिया है। यही कारण है कि हर वर्ष रक्षाबंधन का पर्व उनके लिए विशेष भावनाओं और आत्मीयता का अवसर बन जाता है।
रिश्ता राजनीति का नहीं, दिल का है
योगेश तिवारी ने कहा कि बेमेतरा की बहनों के साथ उनका संबंध किसी पद, राजनीति या चुनाव से नहीं जुड़ा है। यह वर्षों से बने विश्वास, स्नेह और पारिवारिक अपनत्व का रिश्ता है। राखी के पवित्र धागे में बंधा यह रिश्ता उनके लिए सदैव सम्मान और जिम्मेदारी का विषय रहेगा। उन्होंने सभी बहनों से 30 अगस्त को दोपहर 2 बजे से शाम 6 बजे तक नेवनारा के चंडी मंदिर प्रांगण में आयोजित रक्षाबंधन मिलन समारोह में स्नेहपूर्वक शामिल होने का आग्रह किया है। आइए, इस रक्षाबंधन हम सब मिलकर प्रेम, विश्वास और भाई-बहन के अटूट रिश्ते को और मजबूत करें।








