
रायपुर:रक्षाबंधन भाई-बहन के स्नेह, विश्वास और आत्मीय रिश्ते का पवित्र पर्व है। इस दिन बहनें अपने भाइयों की कलाई पर राखी बांधकर उनके सुख-समृद्धि और दीर्घायु की कामना करती हैं, वहीं भाई भी बहनों की खुशियों और सम्मान की जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लेते हैं। छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व वाली सुशासन सरकार ने रक्षाबंधन के इस पावन अवसर से पहले प्रदेश की लाखों बहनों के खातों में महतारी वंदन योजना की किश्त अंतरित कर उनके त्योहार की खुशियों को और बढ़ा दिया है।
रक्षाबंधन से पहले खाते में राशि पहुंचने से महासमुन्द जिले की बहनों में भी खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। आंवराडबरी की श्रीमती भुनेश्वरी साहू, कोमाखान की श्रीमती रोशनी कंवर और ग्राम मामा-भांचा की श्रीमती कुमारी बाई साहू सहित जिले की हजारों महिलाओं के बैंक खातों में महतारी वंदन योजना की राशि पहुंची है। त्योहार से ठीक पहले मिली इस आर्थिक सहायता ने उनके लिए रक्षाबंधन की तैयारियों को और आसान बना दिया है।
‘विष्णु भैया’ ने बहनों की खुशियों का रखा ध्यान
आंवराडबरी की भुनेश्वरी साहू ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि रक्षाबंधन से पहले महतारी वंदन की राशि मिलने से उन्हें बहुत खुशी हुई है। उन्होंने कहा कि इस राशि से वे अपने भाइयों के लिए राखी और मिठाई खरीदेंगी। उनके लिए यह केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि त्योहार के अवसर पर भाई के समान सरकार की ओर से मिला स्नेह और सहयोग है।









