
बेमेतरा:देश के 80,वें स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर जिला पंचायत बेमेतरा परिसर में गरिमामय एवं राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत वातावरण में स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित किया गया। जिला पंचायत अध्यक्ष कल्पना योगेश तिवारी ने राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया। ध्वजारोहण के पश्चात उपस्थित सभी लोगों ने राष्ट्रगान गाकर राष्ट्र के प्रति अपनी श्रद्धा एवं सम्मान व्यक्त किया।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष कल्पना योगेश तिवारी ने सभी साथियों, अधिकारियों-कर्मचारियों एवं उपस्थितजनों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस प्रत्येक भारतीय के लिए गौरव और सम्मान का पर्व है। यह दिन हमें उन महान स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, संघर्ष और बलिदान की याद दिलाता है, जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। उन्होंने कहा कि तिरंगा हमारे देश की एकता, अखंडता, स्वाभिमान और गौरव का प्रतीक है।
तिरंगे को देखकर प्रत्येक भारतीय के मन में देश के प्रति प्रेम और जिम्मेदारी की भावना जागृत होती है। आजादी का यह पर्व हमें यह संकल्प लेने की प्रेरणा देता है कि हम अपने कर्तव्यों का ईमानदारी और निष्ठा के साथ निर्वहन करते हुए राष्ट्र की प्रगति में अपना योगदान देंगे। श्रीमती कल्पना योगेश तिवारी ने कहा कि स्वतंत्रता केवल अधिकारों का नाम नहीं है, बल्कि इसके साथ हमारी जिम्मेदारियां भी जुड़ी हुई हैं। समाज में भाईचारा, सद्भाव, समानता और एकता को मजबूत करना हम सभी का दायित्व है। हमें देश की उपलब्धियों पर गर्व करने के साथ-साथ आने वाली पीढ़ी के लिए बेहतर और विकसित भारत के निर्माण की दिशा में निरंतर प्रयास करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति अपने कार्यक्षेत्र में पूरी ईमानदारी और जिम्मेदारी से काम करे, यही राष्ट्र निर्माण में सबसे बड़ा योगदान होगा। ध्वजारोहण समारोह के दौरान जिला पंचायत परिसर में देशभक्ति और राष्ट्रीय गौरव का वातावरण बना रहा। उपस्थितजनों ने तिरंगे को सलामी देते हुए देश की एकता, अखंडता, शांति, समृद्धि एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की। । कार्यक्रम के अंत में कल्पना योगेश तिवारी ने सभी जिलेवासियों को पुनः स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आइए, इस स्वतंत्रता दिवस पर हम सभी मिलकर एकता, सद्भाव और राष्ट्रप्रेम की भावना के साथ विकसित एवं समृद्ध भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लें।










