
रायपुर:छत्तीसगढ़ में पहली बार स्पोर्ट्स कॉन्क्लेव का आयोजन 28 जुलाई को किया जा रहा है। राजधानी रायपुर के कोर्टयार्ड-बाइ-मेरियट होटल में आयोजित कॉन्क्लेव में देशभर के खेल प्रशासक, विशेषज्ञ, स्पोर्ट्स साइंटिस्ट और नामचीन खिलाड़ी राज्य में खेल एवं खिलाड़ियों के लिए बेहतर सुविधाओं, प्रशिक्षण और अधोसंरचना के रोडमैप पर मंथन करेंगे। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय भी शाम के सत्र में शामिल होंगे। वे इस दौरान इस साल छत्तीसगढ़ में हुए प्रथम खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स में राज्य के लिए पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को प्रोत्साहन राशि प्रदान करेंगे। उप मुख्यमंत्री तथा खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव सवेरे 11 बजे कॉन्क्लेव का शुभारंभ करेंगे।
28 जुलाई को दिनभर चलने वाले स्पोर्ट्स कॉन्क्लेव के अलग-अलग 7 सत्रों में विशेषज्ञ खिलाड़ियों के प्रशिक्षण, क्षमता विकास, स्पोर्ट्स साइंस, उच्च स्तर पर भागीदारी, खेल के लिए बेहतर माहौल व सुविधाएं तैयार करने और खेल अधोसंरचना को मजबूत बनाने जैसे विविध विषयों पर विचार-विमर्श करेंगे। कॉन्क्लेव के समापन सत्र में सभी सत्रों में हुई चर्चा के निष्कर्ष साझा किए जाएंगे। राज्य में खेल और खिलाड़ियों के विकास के लिए इन निष्कर्षों को अमल में लाया जाएगा।







