
रायपुर:छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मण्डल, रायपुर द्वारा अध्यक्ष रेणु जी. पिल्ले के संरक्षण, सचिव पुष्पा साहू के निर्देशन तथा भारत सरकार, शिक्षा मंत्रालय के परख (PARAKH), एनसीईआरटी, नई दिल्ली की विभागाध्यक्ष प्रोफेसर डॉ. इन्द्राणी भादुड़ी के संयोजन में 17 से 19 सितंबर 2026 तक छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मण्डल के सभाकक्ष में राज्य स्तरीय होलिस्टिक प्रोग्रेस कार्ड (HPC) प्रशिक्षण सह कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है। इस तीन दिवसीय प्रशिक्षण में प्रतिदिन 11-11 जिलों के जिला शिक्षा अधिकारियों तथा प्रत्येक जिले से पायलट प्रोजेक्ट के लिए चयनित 03-03 हायर सेकण्डरी स्कूलों के प्राचार्यों को प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। कार्यशाला के माध्यम से चयनित विद्यालयों में होलिस्टिक प्रोग्रेस कार्ड को पायलट प्रोजेक्ट के रूप में लागू किए जाने की दिशा में आवश्यक प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन दिया जा रहा है।
कार्यक्रम में उपसचिव डॉ. बी. रघु ने अपने उद्बोधन में कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) 2020 में बच्चों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दिया गया है। कोई भी बच्चा ज्ञान से शून्य नहीं होता, बल्कि वह जीवनपर्यंत सीखता रहता है।








