
रायपुर:कभी हर महीने बिजली का बिल चुकाने वाले राजनांदगांव जिले के किसान रामेश्वर प्रसाद चंद्राकर आज अपने घर की छत पर लगे सोलर संयंत्र से न केवल बिजली की जरूरत पूरी कर रहे हैं, बल्कि अतिरिक्त बिजली बेचकर आय अर्जित करने की तैयारी में भी हैं। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना ने ग्राम जंगलेसर निवासी इस किसान की जिंदगी में ऊर्जा आत्मनिर्भरता का नया अध्याय जोड़ दिया है।
रामेश्वर ने फरवरी 2026 में बैंक की वित्तीय सहायता से अपने घर पर 2 किलोवॉट क्षमता का रूफटॉप सोलर संयंत्र स्थापित कराया। इस पर उन्हें शासन की ओर से 90 हजार रुपये की सब्सिडी मिली। पहले उनके घर का मासिक बिजली बिल 1,000 से 1,500 रुपये तक आता था, लेकिन अब उनका बिजली बिल पूरी तरह शून्य हो चुका है।
रामेश्वर बताते हैं कि उनका संयंत्र प्रतिदिन औसतन 5 से 8 यूनिट अतिरिक्त बिजली पैदा करता है, जबकि गर्मी के मौसम में यह उत्पादन 12 से 14 यूनिट प्रतिदिन तक पहुंच जाता है। घर की आवश्यकता पूरी होने के बाद बची हुई बिजली ग्रिड में चली जाती है, जिसका भुगतान वार्षिक समायोजन के बाद उनके बैंक खाते में किया जाएगा।





