
रायपुर:26 से 28 सितंबर तक आयोजित होगा “मानस ब्रह्म गर्भ मंथन 6.0”, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय संतों का आगमन होगा।
भगवान श्रीराम की ननिहाल एवं छत्तीसगढ़ की आस्था का प्रमुख केंद्र माँ कौशल्या धाम चंदखुरी आगामी 26, 27 एवं 28 सितंबर 2026 को भव्य मानस महासम्मेलन एवं “मानस ब्रह्म गर्भ मंथन 6.0” का साक्षी बनेगा। यह तीन दिवसीय ऐतिहासिक आयोजन माँ कौशल्या मंदिर समिति चंदखुरी के तत्वावधान में आयोजित किया जाएगा, जिसमें देश-विदेश के प्रतिष्ठित संत, मानस मर्मज्ञ, विद्वान एवं हजारों श्रद्धालु सहभागी होंगे।
आयोजन की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए मानस दर्शन जीवन अर्पण के संस्थापक एवं परिकल्पनाकार आदरणीय श्री दीपक गुहा के नेतृत्व में केंद्रीय टीम ने माँ कौशल्या धाम पहुँचकर आयोजन स्थल का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान माँ कौशल्या मंदिर ट्रस्ट एवं मानस दर्शन जीवन अर्पण के पदाधिकारियों के बीच लगभग पाँच घंटे तक महत्वपूर्ण महाबैठक आयोजित हुई, जिसमें आयोजन की रूपरेखा, व्यवस्थाओं, संतों के आगमन, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों तथा श्रद्धालुओं की सुविधाओं पर विस्तृत चर्चा कर आवश्यक निर्णय लिए गए।









