
रायपुर:प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना ग्रामीण परिवारों के लिए आर्थिक राहत और ऊर्जा आत्मनिर्भरता का मजबूत माध्यम बनती जा रही है। सरगुजा जिले के ग्राम पंचायत कंठी निवासी सुनील कुमार साहू ने इस योजना के जरिए न केवल अपने घर का बिजली खर्च कम किया, बल्कि अब वे अतिरिक्त बिजली ग्रिड में भेजकर “ऊर्जा दाता” भी बन गए हैं।
सुनील कुमार साहू ने अपने घर की छत पर साढ़े 3 किलोवाट क्षमता का सोलर रूफटॉप सिस्टम स्थापित कराया है। इस सौर ऊर्जा प्रणाली के लगने से उनका मासिक बिजली बिल, जो पहले 2 हजार से 3 हजार रुपये तक पहुंच जाता था, अब घटकर मात्र 200 से 500 रुपये के बीच रह गया है। बिजली बिल की लगातार बढ़ती चिंता से परेशान परिवार के लिए यह योजना किसी वरदान से कम साबित नहीं हुई।
डबल सब्सिडी से आसान हुआ सोलर प्लांट लगवाना
सुनील ने बताया कि सरकार द्वारा दी गई वित्तीय सहायता ने सोलर सिस्टम लगवाने की राह बेहद आसान बना दी। उन्हें केंद्र सरकार से 78 हजार रुपये तथा राज्य सरकार से 30 हजार रुपये की सब्सिडी प्राप्त हुई। यह पूरी राशि सीधे उनके बैंक खाते में हस्तांतरित की गई। उन्होंने बताया कि सब्सिडी मिलने के बाद उन्होंने सोलर प्लांट लगाने के लिए लिया गया बैंक ऋण भी चुका दिया और अब वे पूरी तरह कर्जमुक्त हो चुके हैं।








