
रायपुर:सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत बालोद जिले के डौण्डीलोहारा विकासखण्ड के ग्राम घीना में सुशासन तिहार अंतर्गत समाधान शिविर आयोजित किया गया। शिविर में ग्राम पंचायत घीना के 25 ग्राम पंचायतों के ग्रामीण एवं हितग्राही शामिल हुए। इस अवसर पर उपस्थित ग्रामीणों एवं हितग्राहियों को शासन के विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित किया गया। शासकीय हायर सेण्डरी स्कूल मैदान घीना में आयोजित शिविर में डौण्डीलोहारा जनपद अध्यक्ष श्रीमती कांति सोनबरसा, जिला पंचायत सदस्य श्री गुलशन हिरवानी एवं अन्य अधिकारियों द्वारा हितग्राहियों को स्वामीत्व योजना अंतर्गत अधिकार अभिलेख का वितरण, प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण अंतर्गत आवास पूर्णता प्रमाण पत्र, मनरेगा जाॅब कार्ड, आयुष्मान कार्ड, नया राशन कार्ड, मत्स्य पालन प्रसार योजना अंतर्गत हितग्राहियों को जाल एवं आईस बाॅक्स वितरण के अलावा शासन के अनेक जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित किया गया। इसके अलावा शिविर में राज्य शासन के निर्देशानुसार दिव्यांगजनों को दिव्यांगता प्रमाण पत्र बनाने हेतु मेडिकल कैम्प भी लगाया गया था।
इस दौरान विशेषज्ञ चिकित्सकों के द्वारा शिविर में दिव्यांगता प्रमाण पत्र बनाने पहुँचे दिव्यांगजनों का दिव्यांगता प्रमाण पत्र भी बनाया गया। शिविर में अतिथियों के द्वारा नन्हें-मुन्हें बच्चों को स्वादिष्ट खीर खिलाकर उनका अन्नप्राशन संस्कार कराया गया। इसके अलावा गर्भवती माताओं को सुपोषण किट भेंटकर उनके गोदभराई के रस्म को पूरा किया गया। इसके अलावा शिविर में 20 किशोरी बालिकाओं को स्वच्छता किट भी प्रदान किया गया। ग्राम घीना में आयोजित शिविर में आज विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 906 आवेदन प्राप्त हुए थे जिसमें से 450 आवेदनों को मौके पर निराकरण सुनिश्चित किया गया।








