रायपुर:प्रदेश के वाणिज्य, उद्योग व श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन के मुख्य आतिथ्य में महाशिवरात्रि पर्व पर पाली में आयोजित दो दिवसीय पाली महोत्सव का समापन समारोह आयोजित हुआ। कैबिनेट मंत्री श्री देवांगन ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि पाली महोत्सव कोरबा वासियो के लिए गौरव की बात है। उन्होंने क्षेत्रवासियों को महाशिवरात्रि की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पाली देवाधिदेव भगवान शिव व महिषासुर मर्दिनी की नगरी है। जिसका अपना ऐतिहासिक महत्व है। तीज, त्यौहार, मड़ई, मेला, सुआ, ददरिया ये हमारी संस्कृति की पहचान है, इसकी रक्षा की जिम्मेदारी हम सबकी है।
कैबिनट मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि पाली महोत्सव के दो दिवसीय कार्यक्रम में बॉलीवुड, छालीवुड सहित स्थानीय कलाकारों द्वारा अपनी कला संस्कृति का शानदार प्रस्तुति दी। जिसका हम सभी ने भरपूर आनंद लिया। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के आयोजन का उद्देश्य स्थानीय कला संस्कृति को बढ़ावा देना, स्थानीय कलाकारों को मंच प्रदान करना एवं मंच के माध्यम से आमजनों का मनोरंजन करना है। जिला प्रशासन द्वारा महोत्सव का बहुत अच्छा आयोजन किया गया है। आगे भी प्रशासन द्वारा इस प्रकार का आयोजन किया जाता रहेगा।







