
रायपुर: छत्तीसगढ़ में इस साल मानसून अपनी सही लय में आगे बढ़ रहा है। छत्तीसगढ़ शासन के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा जारी ताजा आंकड़ों के अनुसार 1 जून से लेकर आज तक की स्थिति में प्रदेश में कुल 241.7 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की जा चुकी है। यह आंकड़ा पिछले 10 वर्षों की इसी अवधि की औसत वर्षा (252.7 मिमी) का 95.6 प्रतिशत है, जो यह दर्शाता है कि राज्य में मानसून की स्थिति पूरी तरह सामान्य और संतोषजनक बनी हुई है।
बलरामपुर और कोरबा में जमकर बरसे बदरा
दिनांक 6 जुलाई तक राज्य में औसतन 22.4 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। चौबीस घंटों के भीतर सबसे ज्यादा वर्षा बलरामपुर में 67.6 मिमी, कोरबा में 54.9 मिमी, रायपुर में 45.3 मिमी और सूरजपुर में 42.8 मिमी दर्ज की गई। इसके विपरीत, बस्तर संभाग के सुकमा (0.4 मिमी) और दंतेवाड़ा (0.8 मिमी) में आज कम बारिश हुई।
सारंगढ़-बिलाईगढ़ में सामान्य से दोगुनी बारिश, सुकमा अभी भी पीछे
सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिला 213.3% वर्षा के साथ पूरे प्रदेश में सबसे आगे है, जहाँ अब तक 453.3 मिमी बारिश हो चुकी है। इसके अलावा राजधानी रायपुर (136.9%), सक्ती (134.7%), दंतेवाड़ा (129.2%), दुर्ग (126.6%) और बलरामपुर (126.3%) में भी सामान्य से काफी अधिक बारिश दर्ज की गई है। इसी तरह बिलासपुर में 86.1%, जांजगीर-चांपा में 101%, बेमेतरा में 93.2% और नारायणपुर में 91.8% सहित कई जिले में वर्षा संतोषजनक बने हुए हैं। सुकमा जिला 55.4% वर्षा के साथ इस सूची में सबसे पीछे है। इसके साथ ही मोहला-मानपुर (63.3%), गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही (64.3%) और सरगुजा (67.5%) में फिलहाल बारिश सामान्य से थोड़ी कम है।






