
रायपुर:लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने जशपुर जिले में लोक निर्माण विभाग के दोनों संभागों में सड़कों, भवनों और अन्य निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने विभाग के जशपुर संभाग और पत्थलगांव संभाग में चल रहे निर्माण कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने कार्यों की धीमी गति पर नाराजगी जाहिर करते हुए अधिकारियों को अधूरे कार्यों में तेजी लाने, निर्माण की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
श्री बंसल ने बगीचा में निर्माणाधीन पॉलिटेक्निक कॉलेज भवन के निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्यों को अमानक स्तर का पाए जाने पर इसे कार्यों में गंभीर अनियमितता मानते हुए उप अभियंता रमेश प्रसाद सिंह को निलंबित करने के निर्देश दिए। उनके निर्देश पर प्रमुख अभियंता कार्यालय द्वारा तत्काल प्रभाव से निलंबन के आदेश जारी कर दिए गए हैं। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय नवा रायपुर स्थित प्रमुख अभियंता कार्यालय निर्धारित किया गया है।








