रायपुर:कुंडी लगाने की धमकी देने वालों के सामने उमड़ा आस्था का सैलाब, दो दिनों से कुंडा में राम नाम की गूंज!
रामकथा में उमड़ा सनातनियों का यह जनसैलाब उन तमाम लोगों के लिए एक बड़ा संदेश है, जो कभी सनातन का विरोध करते है, हिंदुत्व का विरोध करते है , कुंडा में कुंडी लगाने, रामकथा नहीं होने देने, कथा का विरोध करने और बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री को कुंडा की धरती पर कदम नहीं रखने देने जैसी चुनौतियां दे रहे थे।
किसी ने कहा—रामकथा करा के दिखाओ! किसी ने कहा—बाबा को कुंडा आने नहीं देंगे! किसी ने कथा में व्यवधान डालने की बात कही तो किसी ने विरोध के बड़े-बड़े दावे किए। लेकिन शायद इन लोगों ने यह अंदाजा नहीं लगाया था कि आस्था को चुनौती देने का परिणाम क्या हो सकता है!
आज पिछले दो दिनों से कुंडा में जो दृश्य दिखाई दे रहा है, वह अपने आप में चर्चा का विषय है। रामकथा स्थल और आसपास का पूरा क्षेत्र श्रद्धालुओं के जनसमुद्र में तब्दील होता दिखाई दे रहा है। आयोजकों के सामने सबसे बड़ी चुनौती अब विरोध नहीं, बल्कि उमड़ रही भीड़ के लिए व्यवस्था बनाए रखना है। हर पल व्यवस्थाएं बढ़ाई जा रही हैं, लेकिन श्रद्धालुओं की संख्या के सामने हर व्यवस्था छोटी पड़ती नजर आ रही है। आयोजकों के दावों के मुताबिक, लाखों श्रद्धालु कुंडा पहुंच चुके हैं और बड़ी संख्या में लोग आसपास डेरा डाले हुए हैं।
सबसे दिलचस्प बात यह है कि जिन लोगों की ओर से विरोध की चुनौतियां दी जा रही थीं, उनके सामने आयोजक राजा भैया ने भी चुनौती स्वीकार करने का अपना तरीका चुना। बाबा को सीधे हेलीकॉप्टर से कथा स्थल लाने के बजाय प्रयागराज एयरपोर्ट से सड़क मार्ग द्वारा कुंडा लाने का निर्णय इसी चुनौती के संदर्भ में देखा जा रहा है। यह केवल यात्रा का रास्ता नहीं, बल्कि उन आशंकाओं और विरोध की धमकियों के बीच आयोजन को आगे बढ़ाने का संदेश भी था।
लेकिन हुआ क्या? रामकथा का आयोजन जारी है। श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। राम नाम की गूंज है। आस्था का उत्सव चल रहा है।
अब सवाल उन लोगों से है, जो कुंडा में कुंडी लगाने की बात कर रहे थे? जो कहते थे कि रामकथा होने नहीं देंगे? जो बाबा को कुंडा की सीमा में प्रवेश नहीं करने देने की हुंकार भर रहे थे? उनकी वे तमाम चुनौतियां और दावे आखिर कहां चले गए?
आस्था किसी के दबाव से पैदा नहीं होती और न ही धमकियों से समाप्त होती है। रामकथा किसी राजनीतिक या व्यक्तिगत प्रतिष्ठा का अखाड़ा नहीं होनी चाहिए। यह करोड़ों लोगों की धार्मिक आस्था और श्रद्धा का विषय है। विरोध करना किसी का लोकतांत्रिक अधिकार हो सकता है, लेकिन किसी धार्मिक आयोजन को रोकने की धमकी देना और श्रद्धालुओं की भावनाओं को चुनौती देना अलग बात है।
कुंडा का यह जनसमुद्र एक बात जरूर याद दिलाता है—बयान देना आसान है, लेकिन लाखों लोगों की आस्था को समझना उतना आसान नहीं।कुंडी लगाने की धमकी देने वालों को शायद अब समझ आ गया होगा कि कुंडा में ताला लगाने की बात करने से राम नाम की गूंज बंद नहीं होती!
फिलहाल कुंडा में नफरत और धमकियों की नहीं, रामकथा और श्रद्धा की चर्चा है। आयोजकों के सामने व्यवस्था संभालने की चुनौती है और श्रद्धालुओं के सामने रामकथा श्रवण का उत्साह।
जय श्रीराम!
(मनोज शुक्ला )





