
रायपुर: कभी केवल धान की परंपरागत खेती पर निर्भर रहने वाली नारायणपुर जिले की महिला किसान रूकमणी नाग ने अपनी मेहनत, नई सोच और आधुनिक कृषि तकनीकों के सहारे आर्थिक आत्मनिर्भरता की दिशा में कदम बढ़ाए हैं। उन्होंने धान की खेती के साथ उन्नत सब्जी उत्पादन को अपनाकर न केवल अपनी आमदनी के नए रास्ते खोले हैं, बल्कि यह भी साबित किया है कि सही मार्गदर्शन और तकनीक के उपयोग से खेती को अधिक लाभकारी बनाया जा सकता है। उनकी यह पहल आज ग्रामीण महिलाओं और परंपरागत खेती करने वाले किसानों के लिए प्रेरणादायक उदाहरण बन रही है।
नारायणपुर विकासखंड की ग्राम पंचायत एड़का निवासी रूकमणी नाग, पहले मुख्य रूप से धान की खेती करती थीं। परिवार की आजीविका खेती पर ही निर्भर थी, लेकिन सीमित आमदनी के कारण घरेलू जरूरतों को पूरा करना चुनौतीपूर्ण था। खेती में भरपूर मेहनत के बावजूद अपेक्षित आर्थिक लाभ नहीं मिलने से उन्होंने आय बढ़ाने के नए विकल्प तलाशने शुरू किए। इसी दौरान उद्यानिकी विभाग का मार्गदर्शन उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव का माध्यम बना।
उद्यानिकी विभाग की सलाह से मिला नई खेती का रास्ता
उद्यानिकी विभाग के अधिकारियों ने रूकमणी नाग को परंपरागत धान की खेती के साथ सब्जी उत्पादन अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्हें आधुनिक उद्यानिकी तकनीकों, फसलों की बेहतर देखभाल और कम पानी में प्रभावी सिंचाई की विधियों की जानकारी दी गई। विभागीय मार्गदर्शन से प्रोत्साहित होकर उन्होंने अपने खेत में मल्चिंग और ड्रिप सिंचाई तकनीक अपनाई तथा सब्जियों की खेती शुरू की।





