
रायपुर:गुजरात के एकता नगर स्थित ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ परिसर में आयोजित प्रतिष्ठित राष्ट्रीय सांस्कृतिक उत्सव ‘भारत पर्व 2026’ में छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग ने एक बार फिर अपनी अनूठी कला और सकारात्मक बदलाव की तस्वीर से पूरे देश का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया। 1 से 15 नवंबर तक आयोजित इस भव्य आयोजन में बस्तर के कलाकारों ने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से क्षेत्र की संस्कृति और विकास की नई कहानी राष्ट्रीय मंच पर बयां की। भारत सरकार के पर्यटन मंत्रालय एवं गुजरात पर्यटन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस महोत्सव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल सहित कई केंद्रीय मंत्री, विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री और गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
*लोककला और आधुनिक नाट्य मंचन का अनूठा संगम*
छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले के विकासखंड केशकाल अंतर्गत ग्राम बींजे और धनोरा के ‘बस्तर संस्कृति लोकरंग ग्रुप’ के 75 कलाकारों ने इस राष्ट्रीय मंच पर अपनी कला का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा (छैक्) के कलाकारों के साथ मिलकर इन स्थानीय कलाकारों ने लोककला और आधुनिक नाट्य मंचन का ऐसा प्रभावशाली संगम प्रस्तुत किया कि दर्शक मंत्रमुग्ध हो गए। इस पूरी प्रस्तुति को तैयार करने में प्रसिद्ध लोक गायक सिद्धार्थ महाजन, तिलकराम दुग्गा और भूपेंद्र साहू का विशेष सहयोग रहा। देशभर से पहुँचे लगभग 5,000 कलाकारों की सहभागिता वाले इस विशाल आयोजन में कोंडागांव के कलाकारों की यह प्रस्तुति विशेष आकर्षण का केंद्र रही।










