
रायपुर:वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए बड़े सपने देखना, मजबूत संकल्प रखना और लक्ष्य के प्रति समर्पित होकर निरंतर मेहनत करना आवश्यक है। कठिन परिस्थितियां और संसाधनों की कमी सफलता की राह में बाधा नहीं बन सकतीं, यदि व्यक्ति के भीतर अपने लक्ष्य को प्राप्त करने का दृढ़ विश्वास और जुनून हो। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि वे अपने जीवन का लक्ष्य निर्धारित करें, सही दिशा में योजनाबद्ध तैयारी करें और असफलताओं से सीखते हुए निरंतर आगे बढ़ें। मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास के बल पर किसी भी ऊंचाई तक पहुंचा जा सकता है।
वित्त मंत्री श्री चौधरी आज बिलासपुर जिले के तखतपुर स्थित रामसदन में आयोजित शिलान्यास एवं भूमिपूजन समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने लगभग 4 करोड़ 50 लाख रुपए की लागत से बनने वाले 250 सीटर नालंदा परिसर का शिलान्यास तथा लगभग 1 करोड़ 60 लाख रुपए की लागत से परमेश्वरी तालाब के सौंदर्यीकरण कार्य का भूमिपूजन किया। नालंदा परिसर का निर्माण शहर के जीएमपी स्कूल के समीप किया जाएगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता तखतपुर विधायक श्री धरमजीत सिंह ने की।
*गांव के सरकारी स्कूल से आईएएस बनने तक का सफर विद्यार्थियों के लिए बना प्रेरणा*
वित्त मंत्री श्री चौधरी ने विद्यार्थियों के साथ अपने जीवन के संघर्ष और सफलता की प्रेरक यात्रा साझा की। उन्होंने बताया कि उनकी प्रारंभिक शिक्षा रायगढ़ जिले के एक गांव के सरकारी स्कूल में हुई। उस समय विद्यालय में शिक्षकों की कमी थी और पढ़ाई के लिए आवश्यक संसाधन भी सीमित थे। बारहवीं की पढ़ाई पूरी करने के बाद जब वे भिलाई पहुंचे, तब सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी के लिए आवश्यक किताबें जुटाना भी बड़ी चुनौती थी।









