
रायपुर:जंगल उजड़ रहे हैं, नदियाँ सूख रही हैं, वन्यजीवों का आशियाना छिन रहा है और इंसान अपनी ही दुनिया को तबाह करने पर आमादा है!
वन्यप्राणियों का जीवन आज चारों ओर संकट में है। जंगलों की अंधाधुंध कटाई, प्राकृतिक आवासों पर कब्जा, अवैध खनन और प्राकृतिक संसाधनों के बेतहाशा दोहन ने बेजुबान जीवों के सामने अस्तित्व का संकट खड़ा कर दिया है।
जिन जंगलों में कभी उनका बसेरा था, वहाँ आज इंसान अपनी सुविधाओं और स्वार्थ का साम्राज्य खड़ा कर रहा है। पेड़ कट रहे हैं, वन क्षेत्र सिमट रहे हैं, फलदार वृक्षों के नष्ट होने से भोजन का संकट पैदा हो रहा है। नदियों से रेत के अवैध उत्खनन और खनिज दोहन के कारण जलस्रोतों का प्राकृतिक स्वरूप बिगड़ रहा है। नतीजा यह है कि वन्यप्राणी भोजन और पानी की तलाश में जंगलों से निकलकर गांवों और आबादी वाले क्षेत्रों में पहुंचने को मजबूर हैं।आखिर वे जाएँ तो जाएँ कहाँ?
बालोद जिले के दल्ली राजहरा वन परिक्षेत्र के सिंघोला गांव की घटना इसी बढ़ते संकट की एक गंभीर तस्वीर सामने रखती है। एक सूने मकान में भालू होने की सूचना पर वन विभाग की टीम रेस्क्यू के लिए पहुंची। इसी दौरान भालू ने डिप्टी रेंजर पर हमला कर दिया। हाथ में डंडा होने के बावजूद भालू इतनी तेजी से उनकी ओर बढ़ा कि वे बाल-बाल बचे। इस घटना ने वन विभाग की रेस्क्यू व्यवस्था और सुरक्षा मानकों पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। बिना पर्याप्त सुरक्षा उपकरणों के ऐसे जोखिम भरे रेस्क्यू अभियान आखिर कितने सुरक्षित हैं?
लेकिन इस घटना को केवल भालू के हमले या वन विभाग के कर्मचारी की सुरक्षा तक सीमित करके नहीं देखा जाना चाहिए। इसके पीछे एक बड़ा सवाल है, जिस पर गंभीरता से विचार करने की आवश्यकता है।
जब हम वन्यप्राणियों के प्राकृतिक आवास को नष्ट करेंगे, उनके भोजन और पानी के स्रोत छीनेंगे, उनके विचरण के रास्तों पर अतिक्रमण करेंगे, तो वे आखिर अपनी भूख-प्यास मिटाने कहाँ जाएंगे? जंगल उनका घर है, कोई पर्यटन स्थल नहीं, जहाँ से उन्हें अपनी मर्जी से हटाया जा सके। समाधान आखिर क्या है?
जंगलों की अवैध कटाई और वनभूमि पर अतिक्रमण के विरुद्ध कठोर कार्रवाई हो। अवैध रेत उत्खनन और खनिज दोहन पर प्रभावी नियंत्रण लगाया जाए।वन्यप्राणियों के प्राकृतिक आवास, जलस्रोतों और भोजन की उपलब्धता को सुरक्षित किया जाए। वन्यजीवों के पारंपरिक विचरण मार्गों को अतिक्रमण से मुक्त रखा जाए।न मानव-वन्यजीव संघर्ष वाले क्षेत्रों में तत्काल सूचना, निगरानी और त्वरित रेस्क्यू की व्यवस्था हो। रेस्क्यू अभियान में वनकर्मियों के लिए अनिवार्य सुरक्षा उपकरण, प्रशिक्षित विशेषज्ञ और पर्याप्त संसाधन उपलब्ध कराए जाएँ।
सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि वन्यप्राणियों को केवल आबादी में घुसने के बाद पकड़ने या जंगल में छोड़ने की व्यवस्था पर्याप्त नहीं है। उनके जंगल को बचाना होगा, उनके भोजन और पानी की व्यवस्था बचानी होगी और उनके प्राकृतिक संसार में इंसानी हस्तक्षेप रोकना होगा।
एक कड़वा सच यह भी है कि हम विकास के नाम पर जंगलों को उजाड़ते जा रहे हैं और फिर उसी जंगल से भटककर आए वन्यप्राणियों को खतरा मानने लगते हैं।
याद रखिए, वन्यप्राणी हमारे दुश्मन नहीं हैं। वे भी इस धरती के उतने ही अधिकारपूर्ण हिस्सेदार हैं, जितने हम। प्रकृति का संतुलन बिगाड़कर इंसान स्वयं अपने भविष्य के लिए संकट खड़ा कर रहा है।
आज जरूरत केवल भालू, हाथी, तेंदुए या दूसरे वन्यप्राणियों को बचाने की नहीं है, बल्कि उनके अस्तित्व के आधार अर्थात जंगल, नदी, पहाड़ और प्रकृति को बचाने की है। जिस दिन जंगलों में वन्यप्राणियों के लिए जगह नहीं बचेगी, उस दिन इंसान के लिए भी प्रकृति में सुरक्षित भविष्य की कल्पना करना कठिन हो जाएगा।
आखिर विकास किसके लिए और किस कीमत पर? यह सवाल अब टालने का नहीं, जवाब देने का समय है।
(मनोज शुक्ला)










