
नई दिल्ली भारत मंडपम में आयोजित 45वें भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में छत्तीसगढ़ की सदियों पुरानी ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत देश-दुनिया के आगंतुकों का ध्यान खींच रही है। हॉल नंबर 4 के प्रथम तल पर 1000 वर्गमीटर क्षेत्र में स्थापित छत्तीसगढ़ पवेलियन में प्रदर्शित 16वीं शताब्दी की स्वर्ण अक्षरों में लिखित श्रीमद्भगवद्गीता की दुर्लभ पांडुलिपि विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।
इसके साथ ही वर्ष 1735 का मराठाकालीन ताम्रपत्र, रामायण के बालकांड और किष्किंधा कांड की पांडुलिपियां, राधा विनोद महाकाव्य, ज्योतिष एवं आयुर्वेद से जुड़े हस्तलिखित ग्रंथ और ताड़पत्रों पर लिखी प्राचीन पांडुलिपियां भी प्रदर्शनी में रखी गई हैं।
छत्तीसगढ़ शासन के संस्कृति विभाग के अंतर्गत पुरातत्व, अभिलेखागार एवं संग्रहालय संचालनालय द्वारा लगाई गई यह प्रदर्शनी प्रदेश की समृद्ध ज्ञान परंपरा और ऐतिहासिक धरोहर को सामने ला रही है।सुशासन सरकार प्रदेश की गौरवशाली विरासत के संरक्षण, संवर्धन और उसे राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।









