
रायपुर: बच्चों को पढ़ाई के लिए जरूरी सामग्री उपलब्ध कराने और शिक्षा के प्रति उनका उत्साह बढ़ाने के उद्देश्य से अदाणी फाउंडेशन की ओर से बाल दिवस पर अदाणी पावर प्लांट, रायखेड़ा परिसर में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें आसपास के गाँवों के 121 बच्चों और 101 अभिभावकों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम के दौरान फाउंडेशन के नवोदय कोचिंग सेंटर में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को निःशुल्क स्कूल बैग और ज्योमेट्री सामग्री वितरित की गई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अदाणी पावर प्लांट के प्रोजेक्ट हेड अशोक सिंह यादव उपस्थित रहे। उनके साथ विशिष्ट अतिथि के रूप में एचआर हेड नागेश्वर राव, एचआर विभाग के देबासिस दास और अदाणी फाउंडेशन की सीएसआर हेड प्रीति प्रजापति शामिल हुईं। इसके अलावा अदाणी फाउंडेशन की सीएसआर टीम, शिक्षा विभाग की टीम, अभिभावक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन और स्वागत संबोधन से हुई। इस अवसर पर भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू को श्रद्धांजलि दी गई और बच्चों के प्रति उनके विशेष स्नेह व शिक्षा से जुड़े विचारों को याद किया गया। अतिथियों ने कहा कि बच्चों का समुचित विकास ही देश की प्रगति का आधार है और शिक्षा उनके सपनों को पूरा करने में अहम भूमिका निभाती है।
मुख्य अतिथि अशोक सिंह यादव ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि आज के विद्यार्थी ही आगे चलकर वैज्ञानिक, शिक्षक, इंजीनियर, प्रशासक और देश के जिम्मेदार नागरिक बनेंगे। उन्होंने बच्चों को नियमित पढ़ाई, अनुशासन, समय का सही उपयोग और सकारात्मक सोच अपनाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल रोजगार पाने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह व्यक्तित्व विकास और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने का जरिया भी है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने लक्ष्य तय कर मेहनत और दृढ़ निश्चय के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
प्रीति प्रजापति ने कहा कि अदाणी फाउंडेशन शिक्षा को सामाजिक विकास का महत्वपूर्ण आधार मानता है। फाउंडेशन ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा की गुणवत्ता बेहतर बनाने, विद्यार्थियों को अच्छे अवसर देने और उन्हें प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार करने की दिशा में लगातार काम कर रहा है। उन्होंने बताया कि नवोदय कोचिंग सेंटर के माध्यम से बच्चों को बेहतर मार्गदर्शन दिया जा रहा है, ताकि वे अपने शैक्षणिक और व्यावसायिक लक्ष्य हासिल कर सकें।
नागेश्वर राव ने बच्चों को लगातार सीखते रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। मेहनत, समर्पण और लगातार प्रयास ही सफलता की कुंजी हैं। वहीं, श्री देबासिस दास ने आधुनिक और तकनीकी शिक्षा के महत्व के बारे में बताया। उन्होंने बच्चों को डिजिटल युग में आने वाली चुनौतियों और उपलब्ध अवसरों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।









