
रायपुर:छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी सेवा सेतु पोर्टल व्यवस्था ग्रामीण क्षेत्रों में नागरिक सेवाओं को सरल, सुलभ और पारदर्शी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। अब ग्रामीणों को विभिन्न शासकीय सेवाओं और आवश्यक दस्तावेजों के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं पड़ रही है। इसकी एक सकारात्मक मिसाल खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले की छुईखदान तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत सुराडबरी में देखने को मिली, जहां किराना व्यवसायी बालकुमार जंघेल को सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से पटाखा एवं फुलझड़ी बिक्री का लाइसेंस आसानी से प्राप्त हुआ।
’ग्राम पंचायत में ही मिली लाइसेंस आवेदन की सुविधा’
ग्राम पंचायत सुराडबरी निवासी श्री जंघेल गांव में किराना दुकान संचालित करते हैं। पटाखा एवं फुलझड़ी की बिक्री के लिए उन्हें आवश्यक लाइसेंस की जरूरत थी। सेवा सेतु पोर्टल ने उनकी राह आसान कर दी। उन्होंने अपने ही ग्राम पंचायत में संचालित सेवा सेतु केंद्र के संचालक वीएलई श्री नरेंद्र सेन से संपर्क किया और आवश्यक दस्तावेज जमा किए। केंद्र के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया पूरी की गई, जिसके बाद कुछ ही दिनों में उन्हें पटाखा बिक्री का लाइसेंस प्राप्त हो गया।
’समय और अनावश्यक भागदौड़ से मिली राहत’
श्री जंघेल ने बताया कि सेवा सेतु केंद्र के माध्यम से आवेदन करने की प्रक्रिया बेहद सरल और सुविधाजनक रही। उन्हें लाइसेंस प्राप्त करने के लिए कहीं अन्यत्र जाने की आवश्यकता नहीं पड़ी।









