
रायपुर:बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के प्रभाव से छत्तीसगढ़ के विभिन्न हिस्सों में आगामी दिनों में बारिश, तेज हवाएं और गरज-चमक के साथ वज्रपात की संभावना जताई गई है। इसे देखते हुए इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, रायपुर के कृषि मौसम विज्ञान विभाग ने किसानों के लिए विशेष मौसम आधारित कृषि परामर्श जारी किया है। विभाग ने किसानों से धान सहित अन्य खरीफ फसलों की कटाई और मिंजाई का कार्य फिलहाल स्थगित रखने तथा खेतों में तैयार फसलों एवं कृषि उपज को सुरक्षित रखने की अपील की है।
कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार भारत मौसम विज्ञान विभाग से प्राप्त पूर्वानुमान में चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के प्रभाव से 29 अक्टूबर को प्रदेश के अधिकांश स्थानों पर मध्यम वर्षा तथा कुछ स्थानों पर भारी से अति भारी बारिश की संभावना है। इस दौरान एक-दो स्थानों पर अत्यधिक भारी वर्षा भी हो सकती है। प्रदेश में गरज-चमक के साथ वज्रपात और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है।
मौसम विभाग ने बताया कि 29 अक्टूबर को रायपुर, बलौदाबाजार, बलरामपुर-रामानुजगंज, जशपुर, कोरिया, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, कोरबा, जांजगीर-चांपा, कबीरधाम, महासमुंद, रायगढ़, सक्ती एवं सारंगढ़-बिलाईगढ़ सहित विभिन्न जिलों में बारिश का प्रभाव अधिक रह सकता है। वहीं 30 एवं 31 अक्टूबर को भी प्रदेश के अनेक हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश तथा कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ वज्रपात की संभावना बनी रहेगी। एक और दो नवंबर को भी कुछ जिलों में वर्षा का दौर जारी रहने का पूर्वानुमान है।







