
रायपुर: छत्तीसगढ़ युवा विकास संगठन संचालित विप्र कला,वाणिज्य एवं शारीरिक शिक्षा महाविद्यालय में आयोजित अंतर महाविद्यालय (पुरुष) हैंडबॉल प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में कड़े टक्कर के बाद यूटीडी पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय रायपुर ने विप्र कॉलेज को चार गोल से हराकर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। फाइनल में विप्र के 11 गोल के जवाब में यूटीडी ने 15 गोल किए। यूटीडी के तुषार मिश्रा ने सर्वाधिक 8 गोल किए ।

समापन एवं पुरस्कार वितरण कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विप्र शिक्षण समिति के अध्यक्ष ज्ञानेश शर्मा ने विजेता और उपविजेता टीम को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया। प्रतियोगिता का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी तुषार मिश्रा को चुना गया ।
इसके पूर्व विप्र कॉलेज में मैदान में खेले गए उद्घाटन मुकाबले में विप्र कॉलेज ने शासकीय महाविद्यालय राजिम को 8-5 से पराजित कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया । विप्र कॉलेज के अमर ने सर्वाधिक पांच गोल किए। दूसरे मुकाबले में नेताजी सुभाष कॉलेज अभनपुर ने शासकीय महाविद्यालय आरंग को 18-9 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। तीसरे मुकाबले में पेलोटी कॉलेज ने शासकीय महाविद्यालय कुरूद को 9 -5 से हराकर सेमीफाइनल में स्थान बनाया। पहले सेमीफाइनल में यूटीडी ने पेलोटी कॉलेज को एक तरफा मुकाबले में 10 -4 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। यूटीडी के तुषार मिश्रा ने सर्वाधिक पांच गोल किए। दूसरे सेमीफाइनल में विप्र कॉलेज ने नेताजी सुभाष कॉलेज अभनपुर को 11 -7 से हराकर फाइनल में यूटीडी से मुकाबला करने का अधिकार प्राप्त किया।
जिला स्तरीय हैंडबॉल प्रतियोगिता में रायपुर सेक्टर की 7 महाविद्यालय की टीम ने हिस्सा लिया। उपरोक्त जानकारी देते हुए प्राचार्य डॉ.मेघेश तिवारी ने बताया कि अंतर महाविद्यालय हैंडबॉल प्रतियोगिता और प्रदर्शन के आधार पर रायपुर सेक्टर टीम का गठन होगा ,जो 17 व 18 अक्टूबर को आयोजित राज्य स्तरीय हैंडबॉल प्रतियोगिता में हिस्सा लेगी। प्रतियोगिता का आयोजन डॉ कैलाश शर्मा ,डॉ. ज्ञानेंद्र भाई ,राजेश तिवारी एवं पीयूष उपाध्याय की भूमिका रही। इस अवसर पर विप्र महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापको और विद्यार्थियों सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित थे।








