
रायपुर:राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर 02 अक्टूबर को राजधानी रायपुर में प्रदेश स्तरीय खादी सम्मेलन एवं ग्रामोद्योग विकास की प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम पं. दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम, जी.ई. रोड, रायपुर में प्रातः 11 बजे से आयोजित होगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्रामोद्योग एवं स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव करेंगे। इस अवसर पर प्रदेश सरकार के मंत्रीगण, सांसद, विधायक तथा खादी एवं ग्रामोद्योग से जुड़े विभिन्न संस्थानों और संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड द्वारा 02 अक्टूबर 2026 से 31 मार्च 2027 तक खादी वस्त्रों पर 25 प्रतिशत विशेष छूट दी जाएगी। इसी अवसर पर “सेल्फी विद खादी” अभियान का भी शुभारंभ किया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य खादी को जन-जन तक पहुंचाने, स्थानीय कारीगरों और बुनकरों को प्रोत्साहित करने तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करना है।
कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के आगमन और ग्रामोद्योग प्रदर्शनी के अवलोकन से होगी। इसके बाद चरखा प्रदर्शन, सोलर चरखा एवं लूम वितरण, दीप प्रज्वलन, वंदे मातरम्, राजनीतिक गीत और सर्वधर्म प्रार्थना के पश्चात मंचीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। प्रदर्शनी में खादी एवं ग्रामोद्योग से जुड़े उत्पादों, गतिविधियों और ग्रामीण उद्यमिता की संभावनाओं को प्रदर्शित किया जाएगा।







