
रायपुर:उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कबीरधाम जिले के बोड़ला विकासखंड के ग्राम छुई में ग्रामीणों के बीच बैठकर उनकी मांगों और समस्याओं को आत्मीयता से सुना तथा गांव में आवश्यक सुविधाओं और विकास कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने ग्रामीणों से सीधे संवाद करते हुए कहा कि गांव के विकास की सही दिशा ग्रामीणों की जरूरतों और सुझावों से ही तय होती है। उन्होंने शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने और गांव के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने का आग्रह किया। ग्रामीणों से संवाद के दौरान उप मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने ग्राम छुई में नवीन पंचायत भवन और मिडिल स्कूल भवन निर्माण की घोषणा की।
उप मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और विकास का सीधा लाभ ग्रामीणों के जीवन में दिखाई दे। उन्होंने कहा कि बच्चे ही प्रदेश और देश का भविष्य हैं, इसलिए उनकी बेहतर शिक्षा और भविष्य के लिए आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। क्षेत्र के 50 स्कूलों में स्मार्ट क्लास तैयार किए गए हैं तथा 35 और स्कूलों में स्मार्ट क्लास स्थापित किए जाएंगे। दो-तरफा संवाद की सुविधा से एक स्थान से कई स्कूलों के विद्यार्थियों को पढ़ाया जा सकेगा।









