
वित्त मंत्री एवं प्रभारी मंत्री ओ.पी. चौधरी ने सरगुजा, जशपुर, जांजगीर-चांपा, रायगढ़ और सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिलों की वर्चुअल बैठक लेकर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अभियान को प्रभावी बनाने के लिए ग्राम, वार्ड, विकासखंड और जिला स्तर पर अधिकतम जनभागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
अभियान के तहत ‘आशीर्वाद का दीया’, ‘25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’, ‘नमो सेवा गाथा’, ‘आंगन का उत्सव’, ‘कहानी बदलाव की’, ‘सेवा ज्योति यात्रा’, ‘सेवा मेरा योगदान’ और ‘सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार’ जैसी विविध गतिविधियां आयोजित होंगी। इनके माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के साथ सेवा, सहभागिता और विकसित भारत-2047 के संकल्प को जन-जन से जोड़ा जाएगा।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन में सुशासन सरकार जनभागीदारी को विकास की ताकत बनाकर सेवा, संवेदना और जनकल्याण को गांव-गांव तक पहुंचाने के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है।










