
रायपुर:पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने नवा रायपुर स्थित अपने आवास में ‘सेवा संकल्प अभियान’ की तैयारियों की समीक्षा करते हुए गतिविधियों को अधिक रचनात्मक और जनोन्मुखी बनाने के निर्देश दिए। 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक प्रदेशभर में विभिन्न आयोजन होंगे।
अभियान के तहत विद्यालयों, महाविद्यालयों और सार्वजनिक स्थलों पर नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं और उनसे बदली लोगों की जिंदगी की कहानियां स्थानीय भाषा, लोककला और संगीत के जरिए आमजन तक पहुंचाई जाएंगी। वहीं देश-प्रदेश के इन्फ्लूएंसर छत्तीसगढ़ के पर्यटन स्थलों, विकसित सुविधाओं और विकास कार्यों की तस्वीर डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए देश-दुनिया तक पहुंचाएंगे। इससे प्रदेश की पर्यटन संभावनाओं और विकास यात्रा को नई पहचान मिलेगी।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में सुशासन सरकार संस्कृति, पर्यटन और डिजिटल माध्यमों को जनसंवाद का सशक्त माध्यम बनाकर छत्तीसगढ़ की विकास गाथा को जन-जन और देश-दुनिया तक पहुंचा रही है।










