
रायपुर:छत्तीसगढ़ शासन, स्कूल शिक्षा विभाग के तत्वावधान में आयोजित 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता 2026 के अंतर्गत स्क्वैश प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जिलों एवं संभागों से चयनित 14, 17 एवं 19 वर्ष आयु वर्ग के बालक एवं बालिका खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रतियोगिता की टीम स्पर्धाओं में रायपुर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सभी छह वर्गों में प्रथम स्थान प्राप्त कर स्वर्ण पदक अपने नाम किए। 14 वर्ष बालक वर्ग में रायपुर प्रथम, दुर्ग द्वितीय एवं बिलासपुर तृतीय रहे। 14 वर्ष बालिका वर्ग में रायपुर प्रथम, दुर्ग द्वितीय एवं सरगुजा तृतीय स्थान पर रहा। वहीं 17 एवं 19 वर्ष के बालक तथा बालिका वर्गों में रायपुर ने स्वर्ण, बिलासपुर ने रजत तथा दुर्ग ने कांस्य पदक हासिल किया।
अंतिम दिन राष्ट्रीय स्तर के लिए चयन प्रक्रिया
प्रतियोगिता के अंतिम दिन आयोजित व्यक्तिगत स्पर्धाओं के दौरान राष्ट्रीय स्तर की शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता के लिए खिलाड़ियों के चयन की प्रक्रिया भी संपन्न की गई। खिलाड़ियों के खेल कौशल, तकनीकी दक्षता, फिटनेस, प्रदर्शन एवं प्रतियोगिता में निरंतरता के आधार पर चयन समिति द्वारा प्रतिभागियों का मूल्यांकन किया गया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभावान खिलाड़ियों का आगामी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करने हेतु चयन किया गया।
यह चयन प्रक्रिया खिलाड़ियों के लिए महत्वपूर्ण अवसर रही, जिसके माध्यम से राज्य के प्रतिभाशाली स्क्वैश खिलाड़ियों को राष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।
प्रतियोगिता के सफल आयोजन से खिलाड़ियों में खेल भावना, अनुशासन एवं प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता का विकास हुआ। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों द्वारा किए गए उत्कृष्ट प्रदर्शन से छत्तीसगढ़ में स्क्वैश के उज्ज्वल भविष्य की उम्मीद और मजबूत हुई है।






