
धमतरी लगातार हो रही मूसलाधार बारिश और कैचमेंट एरिया से पानी की भारी आवक के चलते गंगरेल बांध (रविशंकर सागर जलाशय) के 3 गेट खोल दिए गए हैं। बांध से कुल 4,670 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है, जिसमें 3,360 क्यूसेक महानदी में और 1,410 क्यूसेक रुद्री बैराज के रास्ते मुख्य नहर में प्रवाहित हो रहा है।
जलाशयों में बढ़ते जलस्तर और मौसम विभाग द्वारा आगामी दिनों में बारिश की संभावना को देखते हुए महानदी तटीय एवं निचले इलाकों के गांवों में हाई अलर्ट जारी किया गया है। प्रशासन ने अधिकारियों और मैदानी अमले को 24 घंटे सतर्क रहने तथा संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी के निर्देश दिए हैं। मुरूमसिल्ली जलाशय 98.61%, गंगरेल 97.40%, दुधावा 86.86% और सोंढूर 69.25% भर चुका है। ग्रामीणों से नदी-नालों, जलभराव वाले क्षेत्रों और उफनती नदी को पार करने से बचने तथा केवल अधिकृत प्रशासनिक सूचनाओं पर भरोसा करने की अपील की गई है।
सुशासन सरकार में प्रशासन पूरी मुस्तैदी के साथ नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए 24 घंटे तैयार है।








