
रायपुर:छत्तीसगढ़ स्क्वैश एसोसिएशन के तत्वावधान में एवं स्क्वैश रैकेट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SRFI) के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ राज्य स्क्वैश चैम्पियनशिप 2026 का आयोजन 8 से 9 अगस्त 2026 तक स्क्वैश कॉम्प्लेक्स, बुढ़ापारा, रायपुर में किया जाएगा। यह प्रतियोगिता प्रदेश के खिलाड़ियों के लिए वर्ष की सबसे महत्वपूर्ण राज्य स्तरीय स्क्वैश प्रतियोगिताओं में से एक मानी जाती है।
इस वर्ष प्रतियोगिता में प्रदेशभर से 62 खिलाड़ियों ने अपनी प्रविष्टि दर्ज कराई है। प्रतियोगिता 12 वर्गों—अंडर-11 (बालक/बालिका), अंडर-13 (बालक/बालिका), अंडर-15 (बालक/बालिका), अंडर-17 (बालक/बालिका), अंडर-19 (बालक/बालिका), पुरुष एवं महिला—में आयोजित की जाएगी। दो दिवस तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में रोमांचक मुकाबलों के साथ प्रदेश के उभरते एवं अनुभवी खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
यह प्रतियोगिता राष्ट्रीय रैंकिंग (SRFI National Ranking) के लिए भी महत्वपूर्ण है। खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर उन्हें राष्ट्रीय रैंकिंग अंक प्राप्त होंगे, जिससे आगामी राष्ट्रीय रैंकिंग प्रतियोगिताओं में बेहतर सीडिंग, चयन एवं उच्च स्तर की प्रतिस्पर्धाओं में भाग लेने का अवसर मिलेगा। राज्य के युवा खिलाड़ियों के लिए यह प्रतियोगिता राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का महत्वपूर्ण मंच साबित होगी।
छत्तीसगढ़ स्क्वैश एसोसिएशन ने सभी खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, खेल प्रेमियों एवं अभिभावकों से प्रतियोगिता में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने की निवेदन किया है ।










