
रायपुर:पर्यावरण संरक्षण और हरियाली के प्रसार को एक जन-आंदोलन का रूप देने के लिए नारायणपुर वनमण्डल के अंतर्गत पुलिस लाइन में वन महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। एक पेड़ मां के नाम महाअभियान के तहत आयोजित इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वन एवं जलवायु परिवर्तन, परिवहन, सहकारिता तथा संसदीय कार्य मंत्री केदार कश्यप थे। इस विशेष अवसर पर जिले के अंतर्गत शहीद हुए 118 पुलिस जवानों के नाम पर एक पेड़ शहीदों के नाम के तहत शहीद वाटिका में पौधा रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का ऐतिहासिक संदेश दिया गया।
शहीदों का बलिदान रहेगा चिरस्थायी- वन मंत्री
वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि शहीदों की याद में लगाया गया प्रत्येक पौधा उनके सर्वाेच्च बलिदान को चिरस्थायी बनाए रखने का पावन प्रतीक है। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि वे न केवल अधिक से अधिक पौधे लगाएं, बल्कि उनकी नियमित देखभाल भी सुनिश्चित करें, ताकि आने वाली पीढ़ियों को एक स्वच्छ, सुरक्षित और हरित वातावरण मिल सके।








