
रायपुर:मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ राज्य में शासन की योजनाओं को सीधे आमजन तक पहुंचाने और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से संचालित “सुशासन तिहार 2026” अब जनविश्वास अभियान का स्वरूप ले चुका है। कोरबा जिले के करतला जनपद पंचायत क्षेत्र के ग्राम पंचायत गिधौरी में आयोजित समाधान शिविर में प्रशासनिक सक्रियता, जनभागीदारी और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की तस्वीर देखने को मिली।
सुबह से ही शिविर स्थल पर ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी। अलग-अलग पंचायतों से पहुंचे लोग अपनी समस्याएं लेकर आए तो वहीं अनेक हितग्राही शासन की योजनाओं का लाभ पाकर संतोष और खुशी के साथ लौटे। गिधौरी सहित तुमान, औराई, चिकनीपाली, दादरकला, ढोंढातराई, फत्तेगंज, गाड़ापाली, जुनवानी, लबेद, लीमडीह, पकरिया, पठियापाली और सुपातराई पंचायतों के ग्रामीणों ने शिविर में उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई।शिविर में कुल 627 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 43 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण कर दिया गया। कई ग्रामीणों को वर्षों से लंबित समस्याओं के समाधान की उम्मीद भी इस शिविर से मिली। यही कारण रहा कि शिविर में लोगों के चेहरे पर संतोष और भरोसे की झलक साफ दिखाई दी।








