
सूरजपुर :छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी महतारी वंदन योजना महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के साथ उनके जीवन में खुशियों और आत्मविश्वास की नई रोशनी लेकर आ रही है। योजना के अंतर्गत मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने 30 वीं किस्त के रूप में महिलाओं के बैंक खातों में एक हजार रुपये की राशि अंतरित की है। सूरजपुर की जावित्री साहू के लिए यह राशि रक्षाबंधन के पावन अवसर पर एक विशेष सौगात बनकर आई है। उनके लिए योजना की राशि केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि अपने मायके और भाइयों से जुड़े स्नेह के पर्व को पूरे उत्साह के साथ मनाने का माध्यम बनी है।
जावित्री साहू अपने अनुभव साझा करते हुए भावुक होकर बताती हैं कि रक्षाबंधन भाई-बहन के पवित्र रिश्ते, स्नेह और विश्वास का त्योहार है। उन्होंने कहा कि इस बार राखी से पहले उनके खाते में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय द्वारा महतारी वंदन योजना की 30 वीं किस्त के रूप में एक हजार रुपये की राशि अंतरित की गई है। यह राशि ऐसे समय में मिली है, जब पूरा परिवार रक्षाबंधन की तैयारियों में जुटा है। उन्होंने कहा, “हमारे भैया मुख्यमंत्री विष्णु देव साय जी ने रक्षाबंधन से पहले हमारे खाते में एक हजार रुपये भेजकर हमारी खुशियां दोगुनी कर दी हैं। अब हम इस राशि से भाइयों की कलाई पर बांधने के लिए राखी, मिठाई, फल और त्योहार से जुड़ी अन्य आवश्यक चीजें खरीदेंगे।”








