रायपुर:ग्रामीण अंचलों के सर्वांगीण विकास और आमजन के जीवन स्तर को बेहतर बनाने की प्रतिबद्धता के साथ प्रदेश के वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओ.पी. चौधरी ने कड़ाके की ठंड में सुबह-सुबह 8 बजे से रायगढ़ विकासखण्ड के विभिन्न गांवों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने ग्राम छुहीपाली, बनोरा, महापल्ली, सियारपाली एवं गोपालपुर में कुल 1 करोड़ 49 लाख रुपये की लागत से होने वाले विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन कर ग्रामीण विकास को नई गति प्रदान की।
इस अवसर पर वित्त मंत्री श्री चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के दूरदर्शी और जनहितकारी नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार गांव, गरीब, किसान और महिलाओं के सशक्तिकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निरंतर विकास की नई इबारत लिख रही है। उन्होंने प्रदेश सरकार की ऐतिहासिक उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं का विस्तार से उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि किसानों को लंबित धान बोनस का भुगतान, धान खरीदी की सीमा और समर्थन मूल्य में बढ़ोतरी, महिलाओं के लिए महतारी वंदन योजना की शुरुआत, गरीबों के लिए प्रधानमंत्री आवास तथा गांवों में सड़क, स्कूल और सामुदायिक भवन जैसे बुनियादी ढांचे के निर्माण को तेजी से आगे बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार का उद्देश्य केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि उन्हें ईमानदारी, पारदर्शिता के साथ जमीन पर उतारकर आम जनता के जीवन में ठोस और सकारात्मक बदलाव लाना है।






