रायपुर:समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की सुगम व्यवस्था ने इस वर्ष किसानों को नई सहजता और भरोसे का अनुभव कराया है। धान खरीदी की बेहतर व्यवस्था से बेमेतरा जिले के किसान संतुष्ट हैं। आधुनिक तकनीक, ऑनलाइन टोकन प्रणाली और अधिकारियों की नियमित निगरानी ने खरीदी को पहले की तुलना में अधिक सरल और पारदर्शी बनाया है।
बेमेतरा के ग्राम कुम्ही के किसान मीनेश देवांगन ने इस बार 163 क्विंटल धान बेचा है। वे बताते हैं कि खरीदी केंद्र पर पहुँचने से लेकर तौल तक की पूरी प्रक्रिया बिना किसी परेशानी के पूरी हुई। ऑनलाइन टोकन मिलने से भीड़ और लंबे इंतजार की समस्या समाप्त हो गई। यह काफी राहत देने वाला था।
मीनेश बताते हैं कि इस बार खरीदी केंद्र की व्यवस्था अच्छी थी। तौल समय पर हुई, कर्मचारियों ने पूरा सहयोग दिया और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था नहीं रही। भुगतान भी समय पर मिलने की उम्मीद है, जिससे आगामी फसलों की बेहतर तैयारी में मदद मिलेगी।









