रायपुर:छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के रजत जयंती वर्ष पर नवा रायपुर अटल नगर स्थित दीनदयाल परिसर में आयोजित पाँच दिवसीय राज्योत्सव के अंतिम दिन जनसम्पर्क विभाग की छायाचित्र प्रदर्शनी में आम नागरिकों का उत्साह देखते ही बन रहा है। “छत्तीसगढ़ – प्रकृति, संस्कृति और प्रगति का संगम” थीम पर आधारित इस प्रदर्शनी में राज्य की 25 वर्षों की विकास यात्रा को रोचक और सजीव रूप में प्रस्तुत किया गया है।
प्रदर्शनी में राज्य शासन की महत्वाकांक्षी योजनाओं, आधारभूत संरचना के विकास, महिला सशक्तिकरण, सामाजिक उत्थान, पर्यावरण संरक्षण तथा डिजिटल प्रगति को आकर्षक दृश्य प्रस्तुति और सूचनाप्रद छायाचित्रों के माध्यम से प्रभावशाली ढंग से प्रदर्शित किया गया है। इसके माध्यम से आम नागरिक राज्य शासन की योजनाओं और उपलब्धियों को सरल एवं सहज रूप से समझ पा रहे हैं। राज्योत्सव स्थल पर पहुँचे खैरागढ़ के ग्राम सिंगारपुर के सुभाष निषाद, प्रेरणा निषाद और प्रणव निषाद ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि प्रदर्शनी में छत्तीसगढ़ की संस्कृति और विकास का संतुलित एवं प्रेरक चित्रण किया गया है।









