
कवर्धा:छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के अध्यक्ष नीलू शर्मा ने कहा है कि कबीरधाम जिले में पर्यटन विकास की असीम संभावनाएं हैं, और भोरमदेव कॉरिडोर का निर्माण इस दिशा में एक ऐतिहासिक कदम साबित होगा। कवर्धा प्रवास के दौरान श्री शर्मा ने भोरमदेव मंदिर पहुंचकर विशेष पूजा-अर्चना की और बाबा भोरमदेव से प्रदेशवासियों की समृद्धि की कामना की।
श्री शर्मा ने बताया कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के मार्गदर्शन व विशेष प्रयासों से भारत सरकार के केंद्रीय पर्यटन मंत्रालय द्वारा स्वदेश दर्शन योजना 2.0 के तहत कबीरधाम जिले के प्रमुख पर्यटन स्थलों के समग्र विकास के लिए 146 करोड़ रूपए की स्वीकृति मिली है। इस राशि से भोरमदेव मंदिर, मड़वा महल, छेरकी महल, रामचुवा मंदिर और सरोदा बांध जैसे स्थलों का समग्र विकास किया जाएगा।
छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल द्वारा भोरमदेव कॉरिडोर निर्माण की विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर ली गई है। श्री शर्मा ने बताया कि उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, पर्यटन मंडल के अधिकारियों, जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में इस परियोजना को अंतिम रूप दिया गया है।





