रायपुर:



कभी दिल्ली में वायसराय निवास रहा राष्ट्रपति भवन अब भारत के राष्ट्रपति का निवास है अब यहां एक जनजातीय समूह से आने वाली महिला राष्ट्रपति हैं और छत्तीसगढ़ की सबसे पिछड़ी जनजाति की महिलाएं उनसे मुलाकात करने जा रही हैं। वे कर्तव्यपथ पर विचरण करेंगी, अमृत उद्यान देखेंगी। जैसे भारत का सपना पुरखों ने देखा था। उस रास्ते पर देश बढ़ रहा है।


प्रदेश की विशेष पिछड़ी जनजाति बैगा, बिरहोर, पहाड़ी कोरबा, कमार के स्व सहायता समूह के सदस्यों की 64 महिलाएं आज हवाई जहाज से दिल्ली रवाना हुईं। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने इन्हें रवाना किया। वे यहां राष्ट्रपति भवन पहुंचकर राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात करेंगी। वहां इन्हें अपने समूह द्वारा बनाये गये उपहार भेंट करेंगी। राष्ट्रपति भवन में स्थित अमृत उद्यान का भ्रमण करेंगी।









