नई दिल्ली:भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन ISRO ने एक्स-रे पोलरिमीटर उपग्रह XPoSAT के प्रक्षेपण से नववर्ष का स्वागत किया है. एक्स-रे पोलरिमीटर उपग्रह और 10 अन्य उपग्रह लेकर जा रहे पीएसएलवी-सी58 रॉकेट का श्रीहरिकोटा से सफल प्रक्षेपण किया गया.ब्रह्मांड के रहस्यों का पता लगाने के लिए एक साल से भी कम समय में यह भारत का तीसरा मिशन है. पहला ऐतिहासिक चंद्रयान-3 मिशन था, जिसे 14 जुलाई, 2023 को लॉन्च किया गया था, और इसके बाद 2 सितंबर, 2023 को आदित्य-एल1 लॉन्च किया गया था. XPoSAT मिशन में पीएसएलवी अपनी 60वीं उड़ान भरेगा. 469 किलोग्राम के XPoSAT को ले जाने के अलावा, 44 मीटर लंबा, 260 टन के रॉकेट ने 10 एक्सपेरिमेंट्स के साथ उड़ान भरी है.
यह उपग्रह ब्लैक होल जैसी खगोलीय रचनाओं के रहस्यों से पर्दा उठाएगा. XPoSAT सबसे चमकीले तारों का अध्ययन करेगा. इस मिशन का जीवनकाल करीब पांच वर्ष का है. इसे PSLV से लॉन्च किया गया है.







