
रायपुर:मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि मानव तस्करी और घरेलू हिंसा जैसी सामाजिक बुराइयों के लिए सभ्य समाज में कोई स्थान नहीं है। इनका उन्मूलन केवल सरकार या किसी एक संस्था के प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसके लिए पूरे समाज को एकजुट होकर कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा, सम्मान तथा उनके अधिकारों की रक्षा के लिए सरकार पूरी संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। मानव तस्करी और घरेलू हिंसा के विरुद्ध सामूहिक संकल्प लेकर इसे जनआंदोलन का स्वरूप देना समय की आवश्यकता है।
मुख्यमंत्री श्री साय आज राजधानी रायपुर स्थित पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के सभागार में मानव तस्करी एवं घरेलू हिंसा विषय पर आयोजित एक दिवसीय राज्य स्तरीय प्रशिक्षण-सह-कार्यशाला के समापन सत्र को संबोधित कर रहे थे।









