
नई दिल्ली : भारत मंडपम में आयोजित 45वें भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में छत्तीसगढ़ राज्य दिवस पर आयोजित भव्य सांस्कृतिक संध्या ने प्रदेश की समृद्ध लोक संस्कृति, जनजातीय विरासत और विकास की नई संभावनाओं की झलक पेश की। राज्यपाल रमेन डेका के मुख्य आतिथ्य एवं मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में आयोजित समारोह में लोक कलाकारों ने पारंपरिक नृत्य और लोक संगीत से छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विविधता को राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ पवेलियन का भ्रमण कर विभिन्न विभागों एवं उद्यमियों के स्टॉलों का अवलोकन किया। बस्तर की बेलमेटल कला, चांपा का कोसा सिल्क, जनजातीय आभूषण और स्थानीय उत्पादों ने प्रदेश के पारंपरिक हुनर और उद्यमिता की झलक दिखाई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कभी नक्सलवाद के लिए चर्चा में रहने वाला छत्तीसगढ़ आज अपनी समृद्ध विरासत, विकास, निवेश और रोजगार की संभावनाओं के साथ देश-दुनिया में नई पहचान बना रहा है।









