
धमतरी:चक्रवात ‘अकवन’ के प्रभाव से जिले में असामयिक वर्षा की संभावना और लगातार हो रही बारिश को देखते हुए जिला प्रशासन ने धान उपार्जन केंद्रों में किसानों से खरीदे गए धान की सुरक्षा के लिए विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने सभी अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), धान खरीदी केंद्रों के लिए नियुक्त जिला स्तरीय नोडल अधिकारियों, जिला खाद्य अधिकारी एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि उपार्जित धान को बारिश से सुरक्षित रखने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम समय रहते सुनिश्चित किए जाएं।
कलेक्टर श्री मिश्रा ने गुरुवार देर शाम अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि बेमौसम बारिश से धान के भीगने और उसकी गुणवत्ता प्रभावित होने की आशंका को गंभीरता से लिया जाए। सभी उपार्जन केंद्रों में पर्याप्त संख्या में केप कवर, तिरपाल एवं अन्य सुरक्षात्मक सामग्री उपलब्ध रखी जाए। खुले में रखे धान को व्यवस्थित ढंग से ढंकने, जल निकासी की समुचित व्यवस्था करने तथा सुरक्षित भंडारण के लिए जरूरी उपाय तत्काल किए जाएं। उन्होंने अधिकारियों को केंद्रों का नियमित निरीक्षण कर व्यवस्थाओं पर लगातार निगरानी रखने तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए।







