
रायपुर:मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जनजातीय गौरव दिवस के राज्य स्तरीय समारोह में धरमजयगढ़ से खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 की समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का शुभारंभ किया। इस अवसर पर खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल भी उपस्थित रहे।
इस वर्ष प्रदेश के 33 जिलों में 3,095 उपार्जन केंद्रों के माध्यम से लगभग 27.50 लाख किसानों से धान खरीदी की व्यापक व्यवस्था की गई है। पहले ही दिन 1,606 केंद्रों में खरीदी शुरू हो गई और अब तक 1,98,364 क्विंटल से अधिक धान का उपार्जन किया जा चुका है। वहीं, 2,805 केंद्रों में किसानों को टोकन जारी किए जा चुके हैं।
किसानों को उनकी उपज का ₹3,100 प्रति क्विंटल मूल्य मिलेगा। इसके साथ ही मुख्यमंत्री श्री साय ने एक महत्वपूर्ण किसान हितैषी निर्णय लेते हुए घोषणा की कि 21 क्विंटल प्रति एकड़ से कम धान बेचने वाले पात्र किसानों को भी कृषक उन्नति योजना के तहत ₹13,839 प्रति एकड़ की पूरी आदान सहायता राशि प्रदान की जाएगी। यानी यदि कोई पात्र किसान प्रति एकड़ 15 क्विंटल धान बेचता है, तब भी उसे शेष 6 क्विंटल के बराबर की आदान सहायता से वंचित नहीं होना पड़ेगा।
यह निर्णय विशेष रूप से कम उत्पादन वाले जनजातीय एवं वनांचल क्षेत्रों के किसानों के लिए राहत लेकर आया है। सरकार का उद्देश्य है कि उत्पादन की परिस्थितियां चाहे जैसी हों, पात्र किसानों को उनकी सत्यापित कृषि भूमि के आधार पर पूरी सहायता मिले।
अन्नदाताओं की मेहनत का सम्मान, उपज का उचित मूल्य और किसानों की आर्थिक समृद्धि सुनिश्चित करने के संकल्प के साथ मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में सुशासन सरकार निरंतर किसान हित में कार्य कर रही है।









