
रायपुर:छत्तीसगढ़ राज्य के 26वें स्थापना दिवस एवं राज्योत्सव के अवसर पर श्रम विभाग, छत्तीसगढ़ शासन द्वारा विभागीय योजनाओं, श्रमिक कल्याणकारी गतिविधियों एवं नवाचारों पर आधारित आकर्षक प्रदर्शनी स्टॉल तैयार किया गया है। प्रदर्शनी के माध्यम से श्रमिकों के अधिकारों, सामाजिक सुरक्षा, शिक्षा, रोजगार तथा डिजिटल सुविधाओं से संबंधित विभागीय पहलों को आकर्षक एवं जानकारीपूर्ण स्वरूप में प्रस्तुत किया गया है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व तथा श्रम मंत्री श्री लखन लाल देवांगन एवं छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के अध्यक्ष श्री रामप्रताप सिंह की विशेष पहल एवं मार्गदर्शन में श्रम विभाग श्रमिकों के कल्याण, सामाजिक सुरक्षा एवं उनके जीवन स्तर में सुधार के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। इसी दिशा में विभाग द्वारा विभिन्न योजनाओं, तकनीकी नवाचारों एवं कल्याणकारी गतिविधियों के माध्यम से श्रमिकों और उनके परिवारों को लाभान्वित करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
प्रदर्शनी में श्रमिकों के हितों से जुड़ी चार प्रमुख श्रम संहिताओंकृवेतन संहिता, 2019 औद्योगिक संबंध संहिता, 2020 व्यावसायिक सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं कार्यदशा संहिता, 2020 तथा सामाजिक सुरक्षा संहिता, 2020 – को आकर्षक पोस्टरों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया है। इनके माध्यम से न्यूनतम वेतन, समय पर वेतन भुगतान, समान कार्य के लिए समान वेतन, सुरक्षित कार्यस्थल एवं श्रमिकों के सामाजिक संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी जा रही है।









